स्वदेशी जागरण मंच, देवघर द्वारा दिनांक:- 16/10/2025 टावर चौक पर “स्वदेशी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन देने हेतु स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और खरीदारी का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में “स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग, स्थानीय उद्योगों के उत्थान और ऑनलाइन विदेशी उत्पादों के बहिष्कार” के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था। दीप प्रज्वलन के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि यदि प्रत्येक नागरिक स्थानीय उत्पादों का उपयोग करे तो भारत की अर्थव्यवस्था आत्मनिर्भर और मजबूत बनेगी।
दीप प्रज्वलन के बाद वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि स्वदेशी केवल एक आर्थिक आंदोलन नहीं, बल्कि यह एक राष्ट्रीय चेतना और आत्मसम्मान का प्रतीक है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक गौरी शंकर शर्मा जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “देश की प्रगति तभी संभव है जब हम अपने श्रम, संसाधन और उत्पादों पर गर्व करना सीखें। विदेशी वस्तुएं केवल हमारे धन को नहीं, बल्कि हमारे स्वाभिमान को भी नष्ट करती हैं।”
स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत समन्वयक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि “भारत की आत्मा गांवों में बसती है, और स्वदेशी अभियान उन गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है। जब हम अपने दुकानदार भाइयों से खरीदारी करेंगे, तभी वास्तविक अर्थों में ‘लोकल टू वोकल’ का सपना साकार होगा।”
इस अवसर पर जिला संयोजक संजय कुमार सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की कि आने वाले दीपावली पर्व पर सभी लोग स्थानीय बाजार से ही सामान खरीदें। उन्होंने कहा —
“ऑनलाइन विदेशी प्लेटफार्मों से वस्तुएं खरीदना हमारी अर्थव्यवस्था के लिए घातक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्थानीय उत्पादों का उपयोग कर ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करे।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, व्यापारी, युवा और महिलाएं शामिल हुईं। प्रमुख उपस्थितजनों में —
जिला सह-संयोजक जीवेश कुमार सिंह, बाबू सोना श्रृंगारी जी, बबलू मित्रा, प्रभास गुप्ता, प्रेमलता बरनवाल, आशा कुमारी, माया केसरी, विनोद साह सहित अनेक स्वयंसेवक एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
अंत में सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा टावर चौक गूंज उठा। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करेंगे, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in