शहर के ऐतिहासिक उदय रंजन क्लब मैदान पर शुक्रवार को स्वदेशी मेले का रंगारंग शुभारंभ हुआ। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक नीना वर्मा द्वारा किया गया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक नीना वर्मा ने कहा कि यह मेला न केवल व्यापार का मंच है, बल्कि स्वदेशी वस्तुओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें, जिससे स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों को मजबूती मिले तथा देश आर्थिक रूप से सशक्त बने। कार्यक्रम की शुरुआत मां वाग्देवी सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं आरती के साथ हुई। इस अवसर पर भजन मंडली द्वारा सुंदरकांड का पाठ किया गया, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। मेले में विधायक प्रतिनिधि, जिला भाजपा मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मेले में विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पादों की स्टॉलें लगाई गई हैं। बच्चों के लिए झूले एवं वाटर बोटिंग की व्यवस्था की गई है। वहीं खान-पान क्षेत्र में विविध प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध हैं। हस्तनिर्मित वस्त्र, घरेलू उपयोग की सामग्री, खिलौने तथा अन्य स्थानीय उत्पादों की दुकानों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
आयोजकों ने बताया कि मेले का उद्देश्य केवल व्यापार को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि लोगों में स्वदेशी के प्रति आत्मीयता और गर्व की भावना जागृत करना है। मेले के आगामी दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in