भारतीय विपणन विकास केंद्र द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित स्वदेशी मेला रायपुर 2025-26 इस वर्ष 18 से 25 दिसंबर 2025 तक साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित होगा। रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक इस मेले का पूरे वर्ष उत्साहपूर्वक इंतजार करते हैं। मेले की खास विशेषता यह है कि यहां सुई से लेकर बड़ी मशीनरी तक सभी प्रकार की स्वदेशी वस्तुएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी, जिससे यह मेला हर वर्ग के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाता है।
मेले के दौरान प्रतिदिन मेहंदी, रंगोली, चित्रकला और समूह नृत्य जैसी लोकप्रिय प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें हजारों प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके साथ ही, विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृतियों पर आधारित नृत्य, गायन, और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। खान-पान के लिए अलग-अलग राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध होंगे, जिससे आगंतुक एक ही स्थान पर भारत की विविधता का अनुभव कर सकेंगे।
इस वर्ष मेले के संयोजक के रूप में एपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदार गुप्ता को नियुक्त किया गया है। सह-संयोजक की भूमिका में जसप्रीत सिंह सलूजा (कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज) तथा समाजसेवी मनीषा सिंह शामिल हैं। समिति में स्वागत समिति सचिव अमरजीत सिंह छाबड़ा, मेला महिला प्रमुख आरती दुबे, सह महिला प्रमुख सीमा शर्मा भी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी।
स्वदेशी मेला इस बार विशेष रूप से छत्तीसगढ़ से लेकर आंध्र प्रदेश तक की विविध सांस्कृतिक छटा को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा। पारंपरिक लोक नृत्य, क्षेत्रीय कला, स्थानीय व्यंजन और 350 से अधिक स्वदेशी स्टॉल इस आयोजन को और भी भव्य बनाते हैं। मेले का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को मंच प्रदान करना तथा भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करना है।
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक जगदीश पटेल, समाजसेवी उमेश अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, प्रांत मेला प्रमुख अमर बंसल, प्रांत सह संयोजक शीला शर्मा, इंदिरा जैन सहित कई स्वदेशी कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम में समसामयिक विषयों पर संगोष्ठियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। स्वदेशी मेला रायपुर को न केवल एक व्यापारिक मंच, बल्कि भारतीय संस्कृति, स्वदेशी उत्पादों और लोक कला के समागम का उत्कृष्ट उत्सव माना जाता है, जिसकी भव्यता हर वर्ष नई ऊँचाइयों को छूती जा रही है।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in