अजमेर. 25 मार्च को स्वदेशी जागरण मंच द्वारा युवा उद्यमिता यात्रा का शुभारंभ महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के स्वराज सभागार में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और उद्यमियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उद्यमिता केवल आर्थिक उन्नति का माध्यम नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण का भी सशक्त साधन है।
उन्होंने कहा कि युवा नौकरी पाने की मानसिकता को छोड़कर रोजगार देने वाले बनें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें। स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय सह-संगठक सतीश कुमार ने शून्य बेरोजगारी का लक्ष्य रखते हुए स्वरोजगार को क्षमता सृजन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी विचारधारा को अपनाकर युवा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बना सकते हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निम्बा राम ने स्थानीय संसाधनों और आधुनिक तकनीक के समन्वय पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर नए-नए उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों का विकास संभव है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने विश्वविद्यालय में संचालित “लर्न, अर्न एंड परफॉर्म” जैसी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रहा है, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ रहा है।
इस अवसर पर राधेश्याम चोयल ने बताया कि युवा उद्यमिता यात्रा के माध्यम से प्रदेशभर में युवाओं को प्रशिक्षण, मेंटरशिप और बाजार से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से एक मजबूत उद्यमिता इकोसिस्टम तैयार होगा, जिससे अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार की ओर प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने अपने अनुभव साझा किए और युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। अंत में आयोजकों ने बताया कि यह यात्रा राजस्थान के विभिन्न जिलों में आयोजित की जाएगी, जहां हजारों युवाओं को उद्यमिता से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in