चित्तौड़गढ़ में राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव का भव्य आयोजन अब 23 से 28 दिसंबर तक किया जाएगा। पूर्व में लगातार हुए बारिश के कारण कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। नई तिथियों की घोषणा के साथ ही महोत्सव का आधिकारिक पोस्टर सांसद सी.पी. जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या द्वारा विमोचित किया गया। पोस्टर विमोचन के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन की मौजूदगी ने कार्यक्रम को औपचारिक रूप से नई शुरुआत दी।
सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि यह महोत्सव सरकार के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन के सहयोग से संभव हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में स्वदेशी उत्पाद, स्वदेशी संस्कृति, स्वदेशी अर्थव्यवस्था और स्वदेशी भाषा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। उनके अनुसार, महोत्सव स्थानीय कारीगरों, लघु उद्योगों और स्वदेशी उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस महोत्सव में लगने वाला विशाल आयुर्वेद एवं पंचकर्म मेला विशेष आकर्षण रहेगा, जहां आगंतुक पारंपरिक भारतीय चिकित्सा विधाओं का प्रत्यक्ष अनुभव ले सकेंगे।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वदेशी सोच और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव देशभर के कलाकारों और कारीगरों को जोड़कर एक बड़े सांस्कृतिक मंच के रूप में कार्य करेगा।
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि यह आयोजन न केवल जिले के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई ऊर्जा देगा, बल्कि स्वदेशी उत्पादों और परंपराओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान करेगा। छह दिवसीय इस महोत्सव में देशभर के कारीगर, कलाकार, स्वदेशी उद्यमी और आयुर्वेद विशेषज्ञ भाग लेंगे।
जिला प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, आवागमन, प्रदर्शनी क्षेत्र, सांस्कृतिक मंच और व्यवस्थापन के लिए विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं, ताकि आगंतुकों को समृद्ध और सुगम अनुभव मिल सके। महोत्सव के माध्यम से चित्तौड़गढ़ आने वाले दिनों में देशभर के कलाकारों, कारीगरों और पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनने जा रहा है।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in