कुरुक्षेत्र : भारतीय नववर्ष के प्रथम दिन वीरवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के भारत रत्न श्रीगुलजारी लाल नंदा केंद्र ने नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का शुभारंभकर नशे को समाज से नष्ट करने का आह्वान किया और युवाओं को शपथ दिलाई। नशे से मुक्ति - दूध से शक्ति अभियान में पहुंचे विशेषज्ञों ने युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताया और भारत की गौरवशाली संस्कृति से अवगत करवाते हुए भारतीय नव वर्ष के महत्व को भी समझाया। केंद्र की प्रभारी प्रो. शुचिस्मिता ने कहा कि आज जिस तरह समाज में नशा बढ़ता जा रहा है, इसके लिए पूरे समाज में जागरूकता लाना जरूरी है। नशे के चक्कर में फंसकर युवा पीढ़ी अपने जीवन को नष्ट कर रही है। एक अकेला नशा ही समाज में कई चोरी, अपराध और तस्करी जैसे कई बड़े अपराधों को बढ़ा रहा है। इससे दूर रहना जरूरी है। नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए इस तरह के कार्यक्रम जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान समाज में जागरूकता लाने का काम करेंगे। कुवि परीक्षा नियंत्रक डा. अंकेश्वर प्रकाश ने कहा कि भारत की संस्कृति गौरवशाली रही है। प्राचीन काल से ही भारत ने विश्व गुरु बन पूरे विश्व को नई राह दिखाई है। आज युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान को जानकर इसे समाज से नष्ट करने के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं
सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि वह समाज को जागरूक करने का कार्य बेहतर तरीके से कर सकते हैं। उन्होंने स्वयं राष्ट्र की सेवा करने के रास्ते का चयन किया है। डा. अंकेश्वर प्रकाश ने युवाओं को स्वावलंबी भारत अभियान और भारतीय नव वर्ष के महत्व के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से शुरू होता है। हिंदू नववर्ष पर्यावरण और प्रकृति तक में सबकुछ नया होता है और इसी दिन माता का पहला नवरात्रा होता है। हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के उपनिरीक्षक डा. अशोक वर्मा ने कहा कि कई बार युवा शौक में नशा करना शुरू करता है, जब उसे नशे की लत लग जाती है तो यही उसके जीवन का अंत बनकर शोक तक पहुंचा देता है। कुुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य अशोक रोशा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने से समाज में जागरूकता आती है। वहीं महादेव गोशाला के प्रधान सतीश शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ समाज में जागरूकता लाना जरूरी है। उन्होंने कार्यक्रम में महादेव गोशाला की ओर से युवाओं को दूध वितरित किया और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। डा. कुलदीप आर्य ने कहा कि केंद्र की ओर से समाज को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। समाज भलाई के लिए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएंगे।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in