सरकार ने ईरानी तेल और पेमेंट संकट की खबरों को बताया गलत, कहा: देश में उर्जा सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित

भारत सरकार ने ईरान से तेल सप्लाई और पेमेंट संकट को लेकर चल रही सभी अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया है और स्पष्ट किया है कि देश में ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, आने वाले महीनों में कच्चे तेल (Crude Oil) या LPG की कोई कमी नहीं होगी, क्योंकि भारतीय रिफाइनरियों ने पहले से ही पर्याप्त मात्रा में तेल का इंतजाम कर रखा है। मंत्रालय ने यह भी साफ किया कि ईरान से तेल के भुगतान में किसी तरह की कोई रुकावट नहीं है और पेमेंट सामान्य तरीके से जारी है। दरअसल, हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर यह आशंका जताई जा रही थी कि भारत को तेल सप्लाई प्रभावित हो सकती है, लेकिन सरकार ने इन्हें पूरी तरह गलत बताया।

सरकार ने वडिनार से चीन की ओर डायवर्ट हुए कथित ईरानी तेल कार्गो की खबरों को भी निराधार बताया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय तेल व्यापार में जहाजों का रास्ता बदलना एक सामान्य प्रक्रिया है। ‘बिल ऑफ लेडिंग’ में आमतौर पर संभावित बंदरगाह का ही जिक्र होता है और जरूरत के हिसाब से जहाज अपना रूट बदल सकते हैं, इसे किसी संकट का संकेत नहीं माना जाना चाहिए। मंत्रालय ने यह भी बताया कि भारत 40 से अधिक देशों से कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए सप्लाई के कई विकल्प उपलब्ध हैं और किसी एक देश पर निर्भरता नहीं है।

LPG को लेकर भी फैली अफवाहों को खारिज करते हुए सरकार ने जानकारी दी कि ईरान से 44 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर आया जहाज “सी बर्ड” 2 अप्रैल को मंगलौर पहुंच चुका है और वहां गैस उतारने की प्रक्रिया जारी है। इससे साफ है कि सप्लाई चेन सामान्य रूप से काम कर रही है। गौरतलब है कि भारत ने 2019 में अमेरिकी प्रतिबंधों के चलते ईरान से कच्चे तेल का आयात बंद कर दिया था, लेकिन वर्तमान स्थिति में जो भी गतिविधियां दिख रही हैं, वे सामान्य व्यावसायिक फैसलों का हिस्सा हैं। कुल मिलाकर सरकार ने भरोसा दिलाया है कि देश में ईंधन की उपलब्धता को लेकर कोई संकट नहीं है और ऊर्जा सुरक्षा पूरी तरह नियंत्रण में है।


Manisha Saini
1
Get In Touch

Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022

+91 80031 98250

info@mysba.co.in

Follow Us
Useful link

About Us

Contact Us